कैम्पा के कार्यों में प्रगति लाने बांधव ने ली वन अधिकारियों की बैठक
वन मंडल कार्यालय में जुटे खैरागढ़ मंडल के वन अधिकारी
भौतिक सत्यापन के लिये 3 सदस्यीय टीम रहेगी प्रवास पर
खैरागढ़. वन मंडल खैरागढ़ क्षेत्र अंतर्गत कैम्पा के कार्यों में प्रगति लाने राज्य कैम्पा क्रियान्वयन समिति छत्तीसगढ़ के सदस्य पंकज बांधव ने वन मंडल कार्यालय में वन अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली. वन मंडलाधिकारी संजय यादव सहित वन मंडल क्षेत्र के उपवनमंडलाधिकारी एवं वन परिक्षेत्र अधिकारियों की संयुक्त उपस्थिति में कैम्पा मद से संबंधित कार्यों एवं पर्यवेक्षण सहित मूल्यांकन के संदर्भ को लेकर विस्तृत चर्चा की गई. इस दौरान व्यवहारिक भेंट वार्ता व परिचय के साथ कोरोना काल में बेहतर कार्यों के संपादन के लिये भी महती मंत्रणा की गई. बैठक में सत्र 2019-20 के स्वीकृत कार्यों की समीक्षा की गई. श्री बांधव ने इस दौरान शेष कार्यों को समय-समय पर पूर्ण करने जानकारी दी साथ ही संबंधित वन परिक्षेत्र अधिकारियों द्वारा कार्यों में आ रही व्यवहारिक दिक्कतों की भी जानकारी दी गई. बैठक में डीएफओ संजय यादव द्वारा कैम्पा मद अनुसार विधिवत जानकारी प्रदान की गई और बताया गया कि आगामी दिनों में कैम्पा मद द्वारा स्वीकृत कार्यों का भौतिक सत्यापन किया जायेगा जिसके लिये तीन सदस्यीय टीम प्रवास पर रहेगी. श्री बांधव ने आयोजित बैठक में वन अधिकारियों से आग्रहपूर्वक कहा कि कैम्पा मद का जनहित में सदुपयोग होना चाहिये वहीं कार्यों में आ रही व्यवहारिक परेशानियों को लेकर भी उन्होंने शासन स्तर पर समस्या के समाधान के लिये प्रयास करने की बात कही. इस दौरान वन अधिकारियों ने जल वायु परिवर्तन व पर्यावरण संरक्षण के लिये रोपे जा रहे पौधों की सुरक्षा को लेकर चिंता व्यक्त करते हुये बताया कि वर्तमान में पौधों की सुरक्षा के लिये केवल 5 वर्षों का प्रावधान है किन्तु यह नाकाफी है, पौधों की सुरक्षा के लिये कम से कम 10 वर्षों तक सुरक्षा का प्रावधान होना चाहिये. इसे लेकर शासन स्तर पर एजेंडा भेजे जाने का प्रस्ताव रखा गया. बैठक में विशेषतौर पर उपवनमंडलाधिकारी खैरागढ़ एएल खूंटे, उपवनमंडलाधिकारी गंडई एमएल सिदार, वन परिक्षेत्र अधिकारी व्हीएन दुबे खैरागढ़, प्रभारी दिलीप बंजारी छुईखदान, प्रभारी डीएस जंघेल साल्हेवारा, एके बोम्बर्डे दक्षिण बोरतलाव, पवन सहारे उत्तर बोरतलाव, रथिराम कुर्रे प्रभारी डोंगरगढ़ व मुकेश कुमार दुबे वनपाल गंडई सहित वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद थे.

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें